

एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस नेता चिरंजीवी राव की अगुवाई में सोमवार को कोटगेट से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए निर्णयों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित शिकायतों एवं दर्ज आपत्तियों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस की ओर से ज्ञापन में दावा किया गया कि पिछले 10 महीनों के दौरान निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी एवं सुखबीर सिंह संधू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा लिए गए कुछ निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कीं। ज्ञापन में इन आपत्तियों से संबंधित अभिलेखों की भी जांच कराने की मांग की गई। इस दौरान बिशनाराम सियाग, मदनगोपाल मेघवाल, भंवरसिंह भाटी, प्रहलादसिंह मार्शल सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
