

नेपाल बाढ़ प्रभावित भारतीय सेना के जवानों के लिए ट्रू होप फाउंडेशन ने दिए 50 लाख रुपये
बीकानेर। नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित नेपाली मूल के भारतीय सेना के जवानों एवं उनके परिवारों के सहयोग के लिए ट्रू होप फाउंडेशन ने आर्मी सेंट्रल वेलफेयर फंड में 50 लाख रुपये का योगदान दिया है। भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान ने फाउंडेशन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सेना के अनुसार, यह राशि प्रभावित सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों तथा भारतीय सेना में सेवा प्रदान कर चुके नेपाली मूल के सैनिकों के आश्रितों को अनुग्रह स्वरूप सहायता प्रदान करने के लिए उपयोग की जाएगी। इस पहल के माध्यम से संकट की घड़ी में सेना अपने कार्मिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित कर रही है। ट्रू होप फाउंडेशन आपदा राहत, चिकित्सा सहायता, शिक्षा, दिव्यांग सहायता, पशु कल्याण एवं मानवीय सहायता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। फाउंडेशन एनजीओ, अस्पतालों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जरूरतमंद समुदायों तक समय पर सहायता पहुंचाने का कार्य करती है। भारतीय सेना ने ट्रू होप फाउंडेशन एवं उसके सहयोगियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सेना और नागरिक समाज के बीच मजबूत संबंधों को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, यह भारत और नेपाल के बीच गहरे मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी दर्शाता है।
