

बाबा रामदेवजी की 67वीं सचेतन झांकी, रातभर गूंजे भजनों के स्वर
बीकानेर। लोक देवता बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव के अवसर पर सिटी कोतवाली के पीछे स्थित भार्गव मोहल्ले से बाबा रामदेवजी की सचेतन झांकी निकाली गई तथा रात्रि में जागरण का आयोजन हुआ। बाबा रामदेव झांकी एवं जागरण समिति के अध्यक्ष विजय खत्री ने बताया कि समिति की ओर से बाबा रामदेवजी की 67वीं झांकी एवं जागरण का आयोजन किया गया। समिति के सचिव गणेश खत्री ने बताया कि सैकड़ों वर्ष प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर में बाबा की प्रतिमा का अभिषेक, पूजन, जोत एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इसके बाद बाल भक्तों ने डांडिया के साथ सचेतन झांकी निकाली। झांकी में भक्तों ने गणेशजी, हनुमानजी, बाबा रामदेवजी, भगवान कृष्ण एवं राक्षसों के स्वरूप धारण किए। गणेश भार्गव ने बताया कि सचेतन झांकी शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा और जगह-जगह भक्तों ने बाबा रामदेवजी के दर्शन किए। मनोज भार्गव एवं सांवरलाल भार्गव ने बताया कि रात्रि में जागरण का आयोजन किया गया। इसमें सांवरलाल रंगा, गुलाम हुसैन, अनुराधा योगी सहित अनेक कलाकारों ने बाबा रामदेवजी के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया।
