

पर्यूषण पर्व के छठे दिन मनाया जप दिवस, नमस्कार महामंत्र की गूंज
बीकानेर। पर्यूषण पर्व के छठे दिवस को जप दिवस के रूप में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। तेरापंथ भवन में साध्वी त्रिशलाकुमारी के सान्निध्य एवं प्रेरणा से नमस्कार महामंत्र का 24 घंटे अनवरत जप अनुष्ठान चल रहा है, जिसमें समाज के सभी आयु वर्ग के श्रावक-श्राविकाएं उत्साहपूर्वक सहभागी बन रहे हैं। जप अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं सामायिक के माध्यम से नमस्कार महामंत्र के जप से जुड़ रहे हैं। प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 सामायिक होना इस आध्यात्मिक अभियान की व्यापकता और समाज के उत्साह को दर्शाता है। जप दिवस के विशेष अवसर पर साध्वीश्री त्रिशलाकुमारीजी की प्रेरणा से करीब 250 से 300 श्रावक-श्राविकाओं ने रैली के रूप में एक साथ सामूहिक जप अनुष्ठान किया। सामूहिक रूप से नमस्कार महामंत्र के जप से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और गंगाशहर की धरती महामंत्र की गूंज से गूंजायमान हो गई। पर्यूषण पर्व के दौरान साध्वीश्री कल्पयशाजी, साध्वीश्री रश्मिप्रभा, साध्वीश्री निश्चयप्रभा सहित सभी साध्वीवृंद के सान्निध्य एवं प्रेरणा से समाज में विशेष आध्यात्मिक उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।
