Bikaner Bikaner District Rajasthan

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना तैयारियों का लिया जायजा

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना तैयारियों का लिया जायजा
बीकानेर। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और नगरीय निकाय चुनावों के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक नारायण सिंह ने रविवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगरीय निकायवार निर्धारित मतगणना कक्षों का अवलोकन करते हुए तैयारियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए तथा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना के निर्देश दिए। इस दौरान मतगणना कार्मिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं, अभिकर्ताओं के प्रवेश, बेरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। जैन ने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे प्रारम्भ होगी। बीकानेर नगर निगम सहित नोखा एवं श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका की मतगणना प्रथम तल पर, जबकि लूणकरणसर, देशनोक, नापासर एवं खाजूवाला नगर पालिका की मतगणना भू-तल पर निर्धारित कक्षों में होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकृत व्यक्तियों को निर्धारित प्रवेश पत्र के आधार पर ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्ट्रांग रूम निर्धारित समय पर खोले जाएं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक गतिविधि की वीडियोग्राफी करवाई जाए। उन्होंने सूचनाओं के समयबद्ध संकलन, सुरक्षा एवं सामान्य व्यवस्थाओं के साथ मीडिया सेंटर का भी निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने महाविद्यालय परिसर में पार्किंग, पेयजल, परिणामों की घोषणा तथा मतगणना के पश्चात ईवीएम सहित अन्य सामग्री को नियमानुसार सुरक्षित रखने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतगणना से जुड़े प्रत्येक बिंदु की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव हेमेन्द्र नागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *