

नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
बीकानेर। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में ‘नई किरण नशामुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत नशामुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवान राम बिश्नोई ने की। प्राचार्य प्रो. भगवान राम बिश्नोई ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. हरमीत सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके दुष्प्रभावों तथा नशामुक्ति के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत कोई अपराध नहीं, बल्कि एक बीमारी है, जिसका उचित उपचार एवं पुनर्वास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रितु चौधरी ने किया। अंत में प्रो. कुमुद जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
