

विकसित भारत के संकल्प से युवाओं को जोड़ने के लिए युवा संवाद आयोजित
बीकानेर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा युवा प्रतिभाओं को अपनी सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार एवं रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से बीकानेर में विकसित भारत युवा लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के समन्वयक प्रशांत जोशी एवं सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत देशभर के युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। समन्वयक प्रशांत जोशी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के पांच चरणों की जानकारी देते हुए युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया सरल शब्दों में समझाई। उन्होंने बताया कि बीकानेर के अधिकाधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने तथा उन्हें विकसित भारत के संकल्प से अवगत कराने के उद्देश्य से युवा संवाद का आयोजन किया गया। संवाद के दौरान युवाओं को नेतृत्व, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर श्रीडूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र पुरोहित ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम युवाओं को अपनी मातृभूमि से जुड़ने तथा नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। टीम सदस्य पवन खत्री, हरिहर राजपुरोहित, रामकिशन गोदारा एवं अमरदीप गोदारा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
