

श्री आदि गणेश मंदिर में गणेश-लक्ष्मी स्त्रोत के 11 हजार पाठ, 14 सितंबर को 2151 किलो प्रसाद का लगेगा भोग
बीकानेर। दाऊजी रोड स्थित श्री आदि गणेश मंदिर में गणेशजी एवं षोडश मातृकाओं की पूजा-अर्चना एवं यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आचार्य पंडित राजेंद्र किराडू के आचार्यत्व में पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पांच यजमानों से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना करवाई। पूजन के पश्चात नगाड़ों के वादन के बीच पंडितों एवं श्रद्धालुओं ने गणेश-लक्ष्मी स्त्रोत के 11 हजार पाठ किए। 12 सितंबर को सुबह यज्ञ के यजमानों द्वारा पूजन किया जाएगा। इसके बाद दिन में तीन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सबसे पहले भगवान गणपति के एक लाख मूल मंत्रों से दुर्वा अर्चन किया जाएगा। इसके बाद 108 अथर्वशीर्ष के माध्यम से भगवान गणपति को मोदकार्चन कराया जाएगा। तत्पश्चात पंडित राजेंद्र किराडू के आचार्यत्व में महायज्ञ में श्रद्धालुओं द्वारा आहुतियां दी जाएंगी। मंदिर में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर सुबह 4:30 बजे से अभिषेक एवं पूजन प्रारंभ होगा। इसके बाद जन्मोत्सव आरती तथा रात्रिकालीन जागरण का आयोजन किया जाएगा। जन्मोत्सव आरती दोपहर 12 बजे होगी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश को 2151 किलोग्राम प्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
