

16 हजार किलो से अधिक खाद्य सामग्री सीज
बीकानेर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान 14,992 किलोग्राम आयोडाइज्ड नमक तथा 1,103 किलोग्राम बादाम को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध ने बताया कि 18 से 21 अगस्त तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सोहन पपड़ी, रसगुल्ला, नमकीन, बेसन लड्डू, काजू डोडा बर्फी, गुलाब जामुन, आयोडाइज्ड नमक, आलू की सब्जी, यूज्ड कुकिंग ऑयल, चिड़ावा पेड़े, बादाम और काजू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 16 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लगभग 510 किलोग्राम मिठाई एवं अन्य दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा मैसर्स श्री श्याम ट्रेडर्स से आयोडाइज्ड नमक के ‘महाभोग’ एवं ‘राधे राधे’ ब्रांड की कुल 14,992 किलोग्राम मात्रा तथा मैसर्स चित्रा आइस फैक्ट्री एंड कोल्ड स्टोर से 1,103 किलोग्राम बादाम को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है। डॉ. साध ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेन्द्र कुमार एवं राकेश गोदारा द्वारा की गई।
