

धार्मिक पर्वों और मेलों को देखते हुए मतदान तिथियों में बदलाव की मांग
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने कलेक्टर एवं राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त को पत्र लिखकर प्रमुख धार्मिक पर्वों, मेलों और पदयात्राओं की तिथियों को ध्यान में रखते हुए नगर निकाय चुनाव के मतदान कार्यक्रम का पुनः परीक्षण करने तथा मतदान तिथियों में आवश्यक परिवर्तन करने का आग्रह किया है। मार्शल ने पत्र में कहा कि श्रावण एवं भाद्रपद मास के दौरान राजस्थान के विभिन्न जिलों में प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशाल मेलों, पदयात्राओं और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इनमें राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि इसी अवधि में रक्षाबंधन, बारह वफात, सिंजारा (धमोली), श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और संवत्सरी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक पर्व भी आते हैं। ऐसे में यदि नगर निकाय चुनाव की मतदान तिथियां इन पर्वों और धार्मिक आयोजनों के आसपास निर्धारित रहती हैं, तो बड़ी संख्या में मतदाता धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में व्यस्त रह सकते हैं। मार्शल ने कहा कि इसका सीधा असर मतदान प्रतिशत पर पड़ने की आशंका है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की तिथियों को ध्यान में रखते हुए मतदान कार्यक्रम का पुनः परीक्षण कर उपयुक्त तिथियां निर्धारित करने का आग्रह किया है।
