

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिया नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश
बीकानेर। भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में बाबा रामदेव पार्क में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर के अंतर्गत बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक संस्कारों का विकास करना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छोटे एवं बड़े बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त बीकानेर” एवं “स्वच्छ भारत अभियान” विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर समाज को नशे से दूर रहने, स्वच्छता अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया। शिविर संयोजक नंदकिशोर गहलोत ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना तथा राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने बताया कि योग, खेलकूद, संस्कार एवं सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्तियों की सराहना की गई तथा उन्हें समाजहित के विषयों से जोड़ने का प्रयास किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने भी इस प्रकार की गतिविधियों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर उमेश व्यास, नरेंद्र सुथार, भवानी शंकर सांखला, विकास जोशी, नत्थूराम कच्छावा, महावीर सारस्वत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
