

भीषण गर्मी में वन्य क्षेत्र में जल सेवा, पशु-पक्षियों को मिली राहत
बीकानेर। बीकानेर से लगभग 20-30 किलोमीटर दूर जोड़बीड टावर क्षेत्र, गाढ़वाला और कोटड़ी के बीच स्थित रोही क्षेत्रों तथा किलचू-गाढ़वाला के बीच खाली पड़े जगलरों और सोसरों में स्वच्छ पानी भरकर वन्य जीवों की प्यास बुझाने का सराहनीय कार्य किया गया। यह सेवा कार्य छोटूलाल चुरा के नेतृत्व में जनसहयोग से टैंकरों के माध्यम से संपन्न हुआ। इस पहल से क्षेत्र में विचरण कर रहे गोवंश, अन्य पशु-पक्षियों और वन्य जीवों को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिली। बीकानेर सेवा योजना के अध्यक्ष राजकुमार व्यास ने बताया कि इस सेवा कार्य में वन विभाग के वनपाल सुशील सबलानिया, कपिल कुमार, राहुल टाडा, इंद्राक्ष, गणेशीलाल और महावीरसिंह सुरधना का सहयोग रहा। साथ ही नेमीचंद उपाध्याय, राजेश मोहता और मनोज राठी सहित कई समाजसेवियों ने आर्थिक सहयोग प्रदान कर इस पुनीत कार्य को सफल बनाया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और जीवदया का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो समाज को प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देती है।
