

निःशुल्क कोचिंग शिविर का एक वर्ष पूर्ण
बीकानेर। साकेत बीपीएल ब्राह्मण समाज की ओर से सूर्य मंदिर परिसर में संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं की प्रथम वर्षगांठ समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कोचिंग से प्रशिक्षण प्राप्त कर राजकीय सेवा के लिए चयनित हुई तीन प्रतिभाओं सहित अन्य विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में शाकद्वीपीय ब्राह्मण बंधु चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष आर.के. शर्मा, कल्याण फाउंडेशन की निदेशक कामिनी भोजक, भाई बंधु ट्रस्ट के महामंत्री नितिन वत्स, पंचायती ट्रस्ट के दुर्गादत्त भोजक, बीकानेर संघ के अध्यक्ष दुर्गा शंकर शर्मा तथा मनोज शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कोचिंग के संचालक जेठमल शर्मा तथा प्रशिक्षक राजेंद्र शर्मा का भी सम्मान किया और उनके प्रयासों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं और इससे अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज में शिक्षा के प्रसार के लिए ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
