

आशा सहयोगिनियों ने विभिन्न मांगों को लेकर कलक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
बीकानेर। राजस्थान आशा सहयोगिनी स्वास्थ्य संघ की बीकानेर शाखा के प्रतिनिधि दल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष सीता स्वामी एवं उपाध्यक्ष सरोज शर्मा ने बताया कि आशा सहयोगिनियां स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा संपूर्ण कार्य घर-घर जाकर करती हैं, इसके बावजूद उन्हें उनके कार्य के अनुरूप मानदेय नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने मांग की कि क्लेम फार्म का भुगतान टुकड़ों में करने के बजाय एकमुश्त किया जाए, कार्य के घंटे निश्चित किए जाएं, सेवानिवृत्ति के समय पांच लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह एक से पांच तारीख के बीच सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष बसंती, सीमा कंवर, सरोज, छैलु, नगमा, रचना शर्मा, जमीला, मोना, नेक परवीन, चंद्रमुखी सहित अनेक आशा सहयोगिनियां शामिल रहीं।
