

सेना अलंकरण समारोह आयोजित
जयपुर/बीकानेर। भारतीय सेना ने पूर्व सैनिक दिवस को देशभर के सैन्य स्टेशनों एवं प्रतिष्ठानों पर पूर्ण उत्साह और गौरव के साथ मनाया। इस अवसर पर नई दिल्ली, जयपुर, अमृतसर, लखनऊ, रांची, राजौरी सहित अनेक सैन्य स्टेशनों पर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर मिलिट्री स्टेशन में दक्षिण पश्चिम कमान के तत्वावधान में आयोजित मुख्य समारोह की अध्यक्षता सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने की। दिन के उत्तरार्द्ध में सेनाध्यक्ष ने पृथक रूप से आयोजित सेना अलंकरण समारोह में वीर सैनिकों एवं यूनिट्स को वीरता पदक, सेनाध्यक्ष प्रशस्ति पत्र एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए। सेनाध्यक्ष ने जयपुर मिलिट्री स्टेशन के पोलो ग्राउंड में आयोजित आर्मी वेटरन्स डे लंच में भाग लिया, जहाँ उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से संवाद कर सेना की गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्र की सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। इस अवसर पर जनरल द्विवेदी ने पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु सतत प्रयासरत जिला सैनिक बोर्डों के अधिकारियों को सम्मानित किया तथा भारतीय सेना पूर्व सैनिक निदेशालय द्वारा प्रकाशित ‘सम्मान’पत्रिका का विमोचन किया। आर्मी वूमेंस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता द्विवेदी ने वीर नारियों एवं वीर माताओं को सम्मानित किया।
