

वृद्धजन दिवस के साथ समाज कल्याण सप्ताह प्रारंभ
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के साथ बुधवार को समाज कल्याण सप्ताह की शुरुआत हुई। पहले दिन वृंदावन एन्क्लेव स्थित अपना घर वृद्ध आश्रम में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान बीकानेर पश्चिम जेठानंद व्यास ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा-सुश्रुषा हमारा दायित्व है। इनके प्रति सम्मान के भाव हों, इसके मद्देनजर यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की वृद्धजन कल्याण की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र जनों तक पहुंचे, इसके लिए प्रयास किए जाएं। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों का सम्मान किया। भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के अध्यक्ष अनंतवीर जैन, श्री शशि मोहन मूंधड़ा, डॉ गजेंद्र वर्मा, श्री किशन चौधरी, श्री ओमप्रकाश मूंधड़ा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री नंदकिशोर राजपुरोहित, प्रशासनिक अधिकारी श्री मुकेश भाटी व विजय चौहान आदि मौजूद रहे।
मनाएंगे अहिंसा दिवस
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार ने बताया कि समाज कल्याण सप्ताह के दूसरे दिन गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत प्रातः 7.15 बजे गांधी पार्क में कार्यक्रम होगा। इस दौरान बापू के प्रिय भजनों का गायन होगा तथा सर्वधर्म प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
