

बाहेती को समाज सेवा और श्रीचंदानी को शब्दशिल्पी सम्मान, हिन्दी और कृत्रिम बुद्धिमताः सम्भावनाएं और चुनौतियां विषय पर होगी संगोष्ठी। सृजन पुरस्कार किये जायेंगे अर्पित
बीकानेर। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ का वार्षिकोत्सव 14 सितम्बर को संस्कृति सभागार में आयोजित किया जाएगा। जानकारी देते हुए संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि इस अवसर पर दिल्ली प्रवासी प्रख्यात समाजसेवी और उद्योगपति हरीशंकर बाहेती को सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके योगदान के लिए रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान और अजमेर के लब्ध प्रतिष्ठ साहित्यकार सुरेश श्रीचंदानी को उनके साहित्यिक अवदान के लिए संस्था के प्रतिष्ठित शब्दशिल्पी सम्मान से समादृत किया जायेगा। रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान के तहत ग्यारह हजार रूपये नगद और शब्दशिल्पी सम्मान के तहत सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल आदि यथा संस्था निर्णय अर्पित किए जायेंगे ।
संस्था के मंत्री रवि पुरोहित ने बताया कि महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित की अध्यक्षता और स्थानीय विधायक श्री ताराचंद सारस्वत के मुख्य आतिथ्य में आयोज्य संस्था के वार्षिकोत्सव में हिन्दी और कृत्रिम बुद्धिमताः सम्भावनाएं और चुनौतियां विषय पर परिसंवाद होगा। उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा और साहित्यकार-समालोचक डॉ. गजादान चारण, डीडवाना विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता निभायेंगे। विषय प्रवर्तन शिक्षाविद् समालोचक डॉ. उमाकांत गुप्त, बीकानेर करेंगे।
