

हिंदी दिवस पर 14 सितम्बर को जयपुर में होगा सम्मान
बीकानेर। भाषा एवं पुस्तकालय विभाग की ओर से हिंदी भाषा में उत्कृष्ट लेखकों को पुरस्कृत करने की योजना के तहत ’हिंदी सेवा पुरस्कार, 2025’ के तहत बीकानेर की डॉ.हिमांशु भाटिया को दिये जाने की घोषणा की गई है। भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, जयपुर के निदेशक एवं पदेन शासन उप सचिव डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित चयन समिति द्वारा डॉ. हिमांशु भाटिया की चिकित्सा विज्ञान एवं स्वास्थ्य (भारतीय चिकित्सा पद्धति सहित) पर लिखित पुस्तक ’सेरेबल पाल्सी : चिकित्सकीय पक्ष एवं दिव्यांग व्यथा, कथा और कानून’ के लिये पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। इस पुरस्कार के साथ 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की जायेगी। डॉ. हिमांशु भाटिया वर्तमान में जिला कलक्टर कार्यालय, बीकानेर में उपविधि परामर्शी पद पर कार्यरत हैं। डॉ. हिमांशु भाटिया को इस पुस्तक पर पुरस्कार की घोषणा होने पर जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक सेरेबल पाल्सी से पीड़ित बच्चों की चिकित्सकीय, अभिभावकीय और भावनात्मक देखभाल के लिये व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करने वाली एक उत्कृष्ट पुस्तक है।
