

राजस्थान प्री-वेटरनरी टेस्ट-2025 की तैयारियों के लिए बैठक का आयोजन
बीकानेर। वेटरनरी विश्वविद्यालय में स्नातक (बी.वी.एससी. एण्ड ए.एच.) पाठ्यक्रम वर्ष 2025-26 में प्रवेश के लिए 03 अगस्त (रविवार) को होने वाले प्री-वेटरनरी टेस्ट की तैयारियों हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन हाईब्रीड मोड़ में किया गया। परीक्षा के मद्देनजर बुधवार को प्रति कुलगुरु प्रो. हेमन्त दाधीच, आर.पी.वी.टी. समन्वयक प्रो. उर्मिला पानू एवं निदेशक क्लिनिक प्रो. प्रवीण बिश्नोई के निर्देशन में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। आर.पी.वी.टी. समन्वयक प्रो. पानू ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर निगरानी के लिए विश्वविद्यालय द्वारा पर्यवेक्षक और सहायक पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के आकस्मिक निरीक्षण के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया है। परीक्षा के लिए बीकानेर (04), जयपुर (19), उदयपुर (04) और जोधपुर (05) के कुल 32 परीक्षा केन्द्रों को चयनित किया गया है।
बिन्दु खत्री ने कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभाला
बीकानेर। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार वरिष्ठ आर.ए.एस. अधिकारी बिन्दु खत्री ने मंगलवार को ग्रहण कर लिया। बिन्दु खत्री वर्तमान में अतिक्ति आयुक्त उपनिवेशन (सतर्कता), बीकानेर पद का कार्यभार भी देख रहे है।
