Bikaner Bikaner District Rajasthan

खाजूवाला से जैसलमेर नई रेल लाईन के लिए 6.50 करोड़ की लागत से फाईनल लोकेशन सर्वे हेतु मिली स्वीकृति

खाजूवाला-जैसलमेर नई रेलवे लाईन का मार्ग प्रशस्त
बीकानेर। केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि काफी लंबे समय के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय द्वारा मेरे लोकसभा संसदीय क्षेत्र बीकानेर के अंतर्गत खाजूवाला से जैसलमेर तक प्रस्तावित 260 किमी लंबी नई रेलवे लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे के लिए ₹6.50 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सर्वे से इस क्षेत्र का बहुमुखी विकास और लोगों को आवागमन हेतु सुविधाएं उपलब्ध होगी, जिससे रेलवे को राजस्व की प्राप्ति होगी तथा क्षेत्र के निवासियों को भी कम खर्चे में सुविधापूर्ण आवागमन होगा।
माननीय केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव जी द्वारा स्वीकृत इस सर्वे को लेकर श्री अर्जुन राम मेघवाल ने आभार व्यक्त किया एवं समस्त बीकानेर संसदीय क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि फाइनल लोकेशन सर्वे कार्य को शीघ्रतम गति से पूर्ण कराया जाएगा ताकि इसके आधार पर रेलवे लाइन निर्माण का कार्य जल्द शुरू हो सके।
मेघवाल ने बताया कि खाजूवाला-जैसलमेर रेल परियोजना से अनूपगढ़, जैसलमेर, बाडमेर और मुज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोडने वाली नई रेलवे लाईन से सीमावर्ती क्षेत्र के निवासियों, सुरक्षा बलों एवं आमजन को सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी, सामरिक मजबूती मिलेगी, और औद्योगिक विकास व रोजगार सृजन को नई गति प्राप्त होगी। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में सहायक होगी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी यह एक मील का पत्थर साबित होगी। यह स्वीकृति क्षेत्र की जनता के संघर्ष, विश्वास और धैर्य का परिणाम है, जिसे केंद्र सरकार ने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *