Bikaner Bikaner District

सरकारी स्कूल और कार्यालयों की जर्जर बिल्डिंग चिन्हित करने के दिए निर्देश

मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर एडीएम प्रशासन ने ली सभी संबंधित विभागों की बैठक
आपदा प्रबंधन को लेकर सभी विभाग 15 जून से पहले कर लें आवश्यक तैयारियां
बीकानेर। मानसून पूर्व की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन श्री रामावतार कुमावत की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में एडीएम प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन को लेकर सभी विभाग 15 जून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। साथ ही सभी एसडीएम को भी इस बाबत बैठक आयोजित कर व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
11 बड़े नालों की सफाई को लेकर निगम ने पहली बार किया टेंडर
एडीएम प्रशासन श्री कुमावत ने नगर निगम को बारीश से 15 दिन पहले नालों की सफाई करने के निर्देश दिए तो नगर निगम उपायुक्त श्री यशपाल आहूजा ने बताया कि नगर निगम की ओर से पहली बार जिला मुख्यालय के 11 बड़े नालों की सफाई को लेकर टेंडर किया गया है। 15 हजार मिट्टी के कट्टों की व्यवस्था की गई है। डंपर, जेसीबी, ट्रेक्टर इत्यादि पर्याप्त संख्या में है। बड़े पंप भी पर्याप्त संख्या में है।
विभिन्न विभागों में कंट्रोल रूम स्थापित करने के दिए निर्देश
बैठक में एडीएम प्रशासन ने खाद्य, बिजली, पीएचईडी, चिकित्सा इत्यादि विभागों में 24 घंटे कार्य करने वाले कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। श्री कुमावत ने उचित मूल्य दुकान पर गेहूं, केरोसीन व अन्य खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकेट बनाकर वितरण की व्यवस्था करने, पेट्रोल पंपों पर तेल के भंडारण, पेयजल की व्यवस्था सुचारू रखने, क्लोरोफिकेशन करने व टंकियों की सफाई करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
एडीएम प्रशासन ने टूटी हुई सड़कों को ठीक करने, सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूल की जर्जर बिल्डिंग चिन्हित करने, दवाईयां की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, भूमि पर रखे हुए ट्रांसफार्मर्स को ऊपर रखवाने, ढीले तारों को टाइट करने, गल चुके लोहे के खंभों को बदलने, लाइनमैनों से सभी पोल को चैक करवाने, मृत पशुओं के निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।श्री कुमावत ने एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस को आपसी समन्वय से कार्य करने व आपदा से बचाव को लेकर पुख्ता बंदोबस्त रखने के निर्देश दिए।
एडीएम सिटी श्री रमेश देव ने पानी की जर्जर टंकियों, ओवरहैड टैंक और जीएलआर को चिन्हित करने के निर्देश पीचीईडी विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम सिटी के अलावा नगर निगम से उपायु्कत श्री यशपाल आहूजा, डीएसओ श्री नरेश शर्मा, डीटीओ श्रीमती भारती नथानी, पीडब्ल्यूडी एसई श्री ओ.पी. मंदर समेत अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *