Bikaner Bikaner District Rajasthan

अंधे, अपाहिज गोवंश और जिला स्तरीय नंदीशाला के लिए करीब 78 लाख का अनुदान स्वीकृत

image description

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला गोपालन समिति की बैठक में किया स्वीकृत
बीकानेर। जिला गोपालन समिति की बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। बैठक में समिति ने गौशालाओं में अंधे, अपाहिज गोवंश और जिला स्तरीय नंदीशाला के लिए तीन माह अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2024 का कुल 77 लाख 74 हजार का अनुदान स्वीकृत किया। जिला कलेक्टर ने इस बाबत तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने व अनुदान राशि गौशालाओं को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत समिति स्तरीय नंदीशाला केसर देसर जाटान के निर्माण कार्य अवधि में विस्तार 31 जुलाई तक करने और पंचायत समिति स्तरीय नंदीशाला खाजूवाला के निर्माण कार्य अवधि में विस्तार 30 जून तक करने का भी अनुमोदन किया गया। इसके अलावा कोलायत तहसील की भैलू और नोखा तहसील की शौभाणा व कक्कू बज्जू तहसील की जग्गासर ग्राम पंचायत गौशाला को ग्राम पंचायत स्तरीय गौशाला का अनुबंध हेतु अनुमोदन भी किया गया है। तीनों गौशालाओं को इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण हेतु 1-1 करोड़ की राशि में राज्यांश की 90 प्रतिशत राशि दी जाएगी।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ कुलदीप चौधरी ने बताया कि तीन महीने का 77 लाख 74 हजार रू. का जो अनुदान स्वीकृत किया गया है। उसमें से जिला स्तरीय नंदी शाला के लिए 29 लाख 49 हजार 960 रू. स्वीकृत किए गए हैं। बाकि का अनुदान जिले की 28 पात्र गौशालाओं के 1419 अंधे, अपाहिज गोवंश के लिए स्वीकृत किया गया है।
बैठक में जिला कलेक्टर के अलावा सीईओ जिला परिषद श्री सोहनलाल, कोषाधिकारी श्री धीरज जोशी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री कैलाश चौधरी, वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारी श्री गोपाल सिंह नाथावत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *