Bikaner Bikaner District Rajasthan

जीवन जीना है तो ओमजी जैसा जीओ, यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी

ओम आचार्य की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बोले कटारिया
बीकानेर। पंजाब के राज्यपाल और प्रशासक चंडीगढ़ श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि जीवन जीना है तो ओमजी जैसा जीओ। यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होने कहा कि ओमजी मेरे से कम नहीं थे, मेरे से चार कदम आगे थे। भाग्य के चलते मैं विधायक, मंत्री और राज्यपाल बन गया लेकिन ओमजी की जिंदगी में संघर्ष ही संघर्ष लिखा था। उन्होने अपने लिए कुछ नहीं किया, सब देश और समाज के लिए किया।
माननीय राज्यपाल पंजाब गुलाब चंद कटारिया शुक्रवार शाम को रविन्द्र रंगमंच पर प्रसिद्ध विधिवेत्ता श्री ओम आचार्य की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री कटारिया ने कहा कि श्री ओम आचार्य राजस्व के राजस्थान में टॉप वकील थे। उनका एक-एक पल राष्ट्र के लिए समर्पित रहा। युवा पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व से सीख लेकर आगे बढ़े।
इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि श्री ओम आचार्य जी राजस्व के टॉप वकील थे। वे हमेशा सच्ची बात कहते थे। श्री गोदारा ने पंजाब राज्यपाल को लेकर कहा कि श्री कटारिया जी ने हमेशा युवा नेताओं को आगे बढ़ने का मौका दिया। आपके नैतिक मूल्य कि अच्छे कर्म करते चले जाओ, ईश्वर आपकी हमेशा मदद करता है, हर कार्यकर्ता को ताकत देता है।
प्रसिद्ध विधिवेत्ता, पूर्व विधायक औऱ लोकतंत्र सेनानी श्री आर.के.दास गुप्ता ने कहा कि श्री ओम आचार्च जी का पूरा खानदान बीकानेर के लिए पूजनीय है। कार्यक्रम को आशीर्वचन रामझरोखा कैलाश धाम के महामंडलेश्वर श्री सरजूराम महाराज ने दिया। कार्यक्रम में श्री ओम आचार्य की सुपौत्री श्रीमती निकिता आचार्च ने पारिवारिक परिष्भूमि और राजनीतिक पृष्टभूमि को लेकर अपने संस्मरण सुनाए।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा बोर्ड के चेयरमैन श्री रामगोपाल सुथार, खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ, बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक श्री ताराचंद सारस्वत, नोखा के पूर्व विधायक श्री बिहारी बिश्नोई, श्री लोकेश ललित चतुर्वेदी, श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री श्याम पंचारिया ने संबोधित करते हुए श्री ओम आचार्च को महान व्यक्तित्व का धनी बताया। स्वागत भाषण श्री विजय आचार्य ने देते हुए अतिथियों का स्वागत किया और श्री ओम आचार्य की जीवनी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के आखिर में धन्यवाद ज्ञापन ओम आचार्य स्मृति संस्थान के अध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने दिया। मंच संचालन ओम आचार्य स्मृति संस्थान के महामंत्री श्री बनवारी लाल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में श्री सीताराम भांभू, श्री सुरज स्वामी, श्री गोपाल गहलोत, एडवोकेट श्री सत्यनारायण तिवाड़ी, श्री भवानी शंकर आचार्य, श्री उम्मेद सिंह शेखावत, श्री अविनाश व्यास, एडवोकेट श्री सतपाल सिंह शेखावत समेत बीकानेर के जनप्रतिनिधियों समेत गणमान्य लोगों से रविंद्र रंगमंच सभागार खचाखच भरा हुआ था।
लोकतंत्र सेनानियों ने सुनाए संस्मरण
लोकतंत्र सेनानियों का एक प्रतिनिधि मंडल श्री हनुमान चांडक के नेतृत्व में दोपहर में सर्किट हाउस में पंजाब राज्यपाल से मिला और जेल यात्राओं के संस्मरण सुनाए। इससे पहले श्री कटारिया आमजन से भी सर्किट हाउस में बड़ी आत्मीयता से मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *