

हुनर प्रदर्शनी वॉकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने वाली
बीकानेर। हुनर प्रदर्शनी वॉकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने वाली है। ये उद्बोधन श्रीकोलायत की तहसीलदार पूनम कंवर ने भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सौजन्य से संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा श्रीकोलायत मेले के अवसर पर अपने विस्तार भवन, श्रीकोलायत में संस्थान की तीन दिवसीय हुनर प्रदर्शनी मय बिक्री के शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त किए। मुख्य अतिथि पूनम कंवर ने कहा कि श्रीकोलायत मेले के अवसर पर संस्थान द्वारा आयोजित यह हुनर प्रदर्शनी मय बिक्री कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने वाली और प्रशिक्षणार्थियों को उत्पाद को मंच देने वाली है। अध्यक्षीय उद्बोधन के तहत मुकेश व्यास ने कहा कि समाज तब ही आत्मनिर्भर बनता है जब अधिकाधिक घर-परिवार अपने लघु कुटिर उद्योगों से जुड़े हो और भारत सरकार के कौशल विकास कार्यक्रम इसी राह पर समाज को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
किशोर सिंह राठौड़ ने कहा कि संस्थान के प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत गुणवत्तापूर्ण संचालित किए जाते है जिसका लाभ श्रीकोलायत के जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश सुथार ने कहा कि संस्थान द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण केन्द्र स्थानीय बाजार और उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए ही चुने जाते हैं। जिससे प्रशिक्षणार्थियों के उत्पाद को गा्रहक मिल सकें। कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने प्रदर्शनी के विभिन्न प्रकार के उत्पादों की जानकारी देते हुए उनकी विशिष्टता पर प्रकाश डाला। सहायक कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर आचार्य ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान के उत्पाद क्वालिटी में अच्छे और दाम में सस्ते हैं। इस अवसर पर संस्थान के संदर्भ व्यक्तियों की ओर से तरूण राठौड़ ने आगंतुकों का स्वागत किया एवं योगेश्वरी पंचारिया, मैना पंचारिया, गवरा देवी, मोनिका पंचारिया आदि की सक्रिय सहभागिता रही।
