

दाऊ जी मंदिर में फाग उत्सव की धूम
बीकानेर, बीकानेर के वैष्णव मंदिरों में फागुन मास के अवसर पर इन दिनों ठाकुर जी के फाग उत्सव के दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहे हैं। इसी क्रम में दाऊ जी मंदिर में भी फाग उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दाऊ जी मंदिर के ब्रजभूषण गोस्वामी ने बताया कि फागुन मास में प्रतिदिन प्रातःकाल ठाकुर जी को विभिन्न प्रकार के फूलों, गुलाल एवं इत्र से होली खेलाई जा रही है। इस दौरान महिलाओं द्वारा चंग के साथ फाग धमाल के कीर्तन किए जा रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो रहा है। फाग उत्सव के दौरान ठाकुर जी का विशेष फूलों से श्रृंगार किया जाता है तथा भोग में तरह-तरह की सामग्री अर्पित की जाती है। श्रद्धालुओं को प्रातः मंगला आरती एवं राजभोग तथा सायंकाल संध्या आरती एवं शयन आरती के दर्शन का लाभ मिल रहा है। मंदिर में आगामी 19 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाले 121वें पाटोत्सव की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। इसके अंतर्गत मंदिर परिसर में रंग-रोगन एवं साज-सज्जा का कार्य किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटे हुए हैं।
