

बाल कल्याण समिति के अभियान की हुई सराहना
बीकानेर। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मांडवी राजवी ने कहा कि जिला बाल कल्याण समिति द्वारा नवाचार के रूप में प्रारम्भ किए गए अभियान ‘फेंकें नहीं, हमें दें’ से संबंधित सभी विभागों को जोड़ा जाए, जिससे निराश्रित नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। राजवी ने को बाल कल्याण समिति के अभियान के बारे में जाना और कहा कि नवजात शिशुओं की सुरक्षा की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण कदम है। सरकार और प्रशासन स्तर पर इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है, लेकिन आमजन में जागरुकता के लिए ऐसे अभियानों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सघन अभियान चलाया जाए। साथ ही ब्लॉक स्तर तक पालना गृह स्थापित किए जाएं। इसके लिए प्रशासन और भामाशाहों से भी संपर्क किया जाए। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एड. जुगल किशोर व्यास ने बताया कि फरवरी में जिला मुख्यालय और ब्लॉक क्षेत्रों में इस विषय के प्रति जागरुकता का अभियान चलाया जाएगा। जल्दी ही अभियान की रूपरेखा का अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरान बाल कल्याण समिति सदस्य जन्मेजय व्यास भी मौजूद रहे।
