Bikaner Bikaner District Rajasthan

29 जनवरी से 18 फरवरी तक आयोजित होगी सेना भर्ती रैली

जिले में सेना भर्ती रैली की तैयारियां अंतिम चरण में
स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में होगी आयोजित

बीकानेर जिले में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में 29 जनवरी से 18 फरवरी तक स्वामी हो रही सेना भर्ती ( वर्ष 2025-26) की तैयारियां अंतिम चरण में है। बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू और झुंझुनूं समेत कुल पांच जिलों में सेना भर्ती के इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि सेना भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन के साथ मिल कर पिछले चार महीनों से तैयारियां की जा रही है। तैयारियां अब अंतिम चरणों में है। भारतीय सेना के महानिदेशक भर्ती (डीजीआर) के नवीनतम प्रोटोकॉल और निर्देशों के अनुसार तैयारियां की गई है। उम्मीदवारों को भर्ती संबंधी परीक्षाओं के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाएगा।
भर्ती स्थल पर सुरक्षा और अनुशासन
कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा स्थल तक हर जगह सेना और पुलिस बल तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं और सभी प्रतिभागियों को निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।
पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया
कर्नल ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है। किसी भी प्रकार के अनुचित प्रभाव, रिश्वत या बिचौलियों के माध्यम से चयन संभव नहीं है। उन्होंने उम्मीदवारों को हिदायत दी है कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं और यदि उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत सेना भर्ती कार्यालय या निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
फिटनेस और ईमानदारी ही सफलता की कुंजी
कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि उम्मीदवारों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत होना आवश्यक है। सेना में चयन के लिए ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत अनिवार्य हैं। उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया से पहले पर्याप्त अभ्यास करने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *