Bikaner Bikaner District Rajasthan

विकास के मुद्दे पर मांगा जनादेश

विकास के मुद्दे पर मांगा जनादेश
बीकानेर। देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनाव अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। 11 सितंबर को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए वार्ड और बूथ स्तर तक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। चुनाव प्रचार के दौरान देशनोक के विभिन्न वार्डों में आमसभाओं, नुक्कड़ सभाओं, जनसंपर्क और घर-घर संवाद के माध्यम से भाजपा ने विकास, सुशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं के संकल्प के साथ जनता से समर्थन मांगा। कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि भाजपा ने पूरे चुनाव अभियान को सकारात्मक विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ाया है। पार्टी का स्पष्ट संकल्प है कि देशनोक के प्रत्येक वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसके साथ ही सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और रोशनी सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। भाटी ने देशनोक के सभी मतदाताओं से 11 सितंबर को मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण भागीदारी है। प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र और निर्भीक होकर अपने विवेक से मतदान करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *