

गिद्ध संरक्षण एवं पर्यावरण पर राष्ट्रीय सेमिनार संपन्न
बीकानेर। राजकीय डूंगर कॉलेज के प्राणिशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित ‘गिद्ध संरक्षण एवं पर्यावरण’ विषयक राष्ट्रीय सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संगोष्ठी में देश-विदेश से आए करीब 250 विशेषज्ञों एवं शोधार्थियों ने पारिस्थितिक तंत्र को बनाए रखने में गिद्धों की अनिवार्य भूमिका और उनके संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर गहन मंथन किया। कार्यक्रम में डॉ. अखिल रंजन, डॉ. प्रताप सिंह, डॉ. पंकज गोस्वामी एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित बतौर अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. आनंद कुमार ने सेमिनार की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संतुलन में गिद्धों के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. अखिल रंजन ने गिद्धों की लगातार घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता बताई। अनिल छंगाणी ने भारत में गिद्धों की वर्तमान स्थिति तथा उनके संरक्षण के भावी परिदृश्य पर प्रकाश डाला।
