

गंगाशहर की समस्याओं के समाधान को निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। गंगाशहर विकास मंच की ओर से क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, कचरा प्रबंधन एवं नालियों की नियमित सफाई सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर निगम बीकानेर के आयुक्त सिद्धार्थ पालनीचामी को ज्ञापन सौंपा गया। मंच के मनीष बाफना ने क्षेत्र की वर्तमान स्वच्छता व्यवस्था की बदहाल स्थिति से आयुक्त को अवगत कराया। इस दौरान इंदर चंद गोलछा एवं पुखराज दुगड़ भी मौजूद रहे। मंच के सुधीर लुणावत ने बताया कि गंगाशहर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। बजरी और मिट्टी से भरे डंपर चांदमल जी बाग से नोखा रोड की ओर तेज गति से आवागमन कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों से सड़क, नालियों एवं सीवरेज व्यवस्था को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस संबंध में मंच द्वारा पूर्व में तत्कालीन थानाधिकारी परमेश्वर सुथार को भी ज्ञापन दिया जा चुका है।
