

650 केंद्रों पर 18 अक्टूबर को होगी जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा
बीकानेर। जाम्भाणी साहित्य अकादमी, बीकानेर की ओर से आयोजित जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा रविवार, 18 अक्टूबर को देशभर में स्थापित 650 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में देशभर से 50 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने का अनुमान है। परीक्षा को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए अकादमी की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अकादमी के संरक्षक स्वामी कृष्णानंद आचार्य एवं अध्यक्षा प्रो. (डॉ.) इंद्रा विश्नोई के नेतृत्व में केंद्रीय परीक्षा समिति का गठन किया गया है। केंद्रीय समिति के मार्गदर्शन में परीक्षा संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। आयोजकों के अनुसार जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य जाम्भाणी साहित्य, दर्शन एवं संत परंपरा के प्रति विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन में रुचि और ज्ञान को बढ़ावा देना है। देशभर में बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्रों की स्थापना तथा हजारों परीक्षार्थियों के पंजीकरण से इस आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है।
