

शत-प्रतिशत बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और ड्रॉपआउट रोकने के दिए निर्देश
बीकानेर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि बीकानेर जिले को टीबी मुक्त और नशाखोरी से मुक्त बनाने के लिए सतत एवं समन्वित प्रयास किए जाएं। साथ ही जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा पढ़ाई बीच में न छोड़े। राज्यपाल बागडे शुक्रवार को राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
टीबी उन्मूलन अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश
राज्यपाल ने कहा कि टीबी के प्रत्येक संभावित मरीज की समुचित स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। टीबी प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित सहायता समय पर उपलब्ध करवाई जाए तथा मरीजों के उपचार और देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के पांच बिंदुओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायतों की बैठकों सहित अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में टीबी मुक्त भारत अभियान पर चर्चा करने तथा लोगों को इस बीमारी के कारणों, बचाव और उपचार के संबंध में जागरूक करने पर जोर दिया। राज्यपाल ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और अभियान की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बच्चों की शिक्षा और ड्रॉपआउट रोकने पर जोर
राज्यपाल बागडे ने जिले के सभी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और विद्यालयों में नामांकन के बाद बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। ड्रॉपआउट की समस्या को रोकने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
नशे के विरुद्ध अभियान की ली जानकारी
बैठक में राज्यपाल ने जिले में नशाखोरी की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने जिले में नशे के विरुद्ध संचालित ऑपरेशन नीलकंठ के बारे में जानकारी दी। बैठक में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े इन विषयों पर गंभीरता से कार्य करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
