

एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
बीकानेर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के सहप्रभारी चिरंजीवी राव ने जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर भी चर्चा की। राव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों की पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर देशभर में मतदाताओं के अधिकारों तथा मतदाता सूचियों में नामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पूर्व मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है। यह विश्वास तभी कायम रह सकता है, जब चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह हो। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राहुल गांधी एवं कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व लगातार सवाल उठा रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, प्रहलादसिंह मार्शल, यशपाल गहलोत, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, शिवलाल गोदारा, हनुमान चौधरी, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
