

डीटीओ प्रथम के खिलाफ अधिवक्ताओं ने की शिकायत, बार एसोसिएशन ने आरटीओ को भेजा ज्ञापन
बीकानेर। जिला परिवहन कार्यालय में वाहन चालान से संबंधित न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान अधिवक्ताओं, आमजन एवं वाहन स्वामियों के साथ कथित अनुचित व्यवहार, भाषा के प्रयोग तथा अन्य समस्याओं को लेकर बार एसोसिएशन बीकानेर ने प्रादेशिक परिवहन अधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया है। एसोसिएशन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। बार एसोसिएशन के अनुसार, न्यायालयों में वाहन चालान एवं परिवहन विभाग से संबंधित मामलों की पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं को विभागीय कार्यवाही, आवश्यक दस्तावेज एवं रिपोर्ट प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही परिवहन विभाग में कार्यरत कुछ कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा अधिवक्ताओं के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि अधिवक्ता न्यायालयीन प्रक्रिया का अभिन्न अंग हैं और उनके साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को न्यायालयीन कार्यवाही के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं रिपोर्ट प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत करीब 25 अधिवक्ताओं ने डीटीओ प्रथम भारती नथानी के विरुद्ध आरोप लगाते हुए बार अध्यक्ष अजय पुरोहित को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके बाद बार अध्यक्ष की ओर से प्रादेशिक परिवहन अधिकारी को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया।
