

अधिवेशन को लेकर व्यास ने जताई आपत्ति, 17 साल बाद बीकानेर में आयोजन के दावे को बताया भ्रामक
बीकानेर। एनडब्ल्यूआरईयू का 23वां वार्षिक अधिवेशन बीकानेर में आयोजित होने जा रहा है। अधिवेशन को लेकर यह प्रचारित किया जा रहा है कि 17 वर्षों बाद बीकानेर में इसका आयोजन हो रहा है। पूर्व अध्यक्ष अनिल व्यास ने इस दावे को भ्रामक बताते हुए कहा कि उनके मंडल मंत्री रहते बीकानेर में एआईआरएफ एवं एनडब्ल्यूआरईयू के अधिवेशन आयोजित कराने की मांग लगातार की जाती रही थी। व्यास ने बताया कि उन्होंने करीब 10 वर्षों तक बीकानेर में अधिवेशन आयोजित कराने की मांग रखी थी। उनके अनुसार, एक अधिवेशन में एआईआरएफ के तत्कालीन पदाधिकारी शिव गोपाल मिश्रा ने भी कहा था कि बीकानेर एआईआरएफ के अधिवेशन की मेजबानी की मांग कर रहा है।
व्यास का आरोप है कि इसके बावजूद वर्तमान महासचिव मुकेश माथुर ने बीकानेर की मांग को दरकिनार करते हुए अधिवेशन की जिम्मेदारी जोधपुर को देने का निर्णय कराया। उन्होंने कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने के बाद अब बीकानेर में अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। व्यास ने कहा कि बीकानेर में अधिवेशन आयोजित कराने की मांग लंबे समय से संगठन के समक्ष रखी जाती रही है। ऐसे में इसे 17 वर्षों बाद पहली बार बीकानेर में आयोजित होने के रूप में प्रचारित करना उचित नहीं है।
