


बीकानेर। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच सोमवार को धरणीधर मैदान से एक बाइक चोरी हो गई। धरणीधर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे किशोर पुरोहित ने अपनी बाइक मैदान के पास खड़ी की थी। वे मंदिर में दर्शन के लिए गए, इसी दौरान चोर बाइक लेकर फरार हो गया। बाइक चोरी की सूचना गंगाशहर थाने में दी गई। घटना की जानकारी साथ में मौजूद दर्शनार्थी रौनक को हुई तो उसने तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों और बस्तियों में बाइक की तलाश शुरू की। रौनक ने अपनी सूझबूझ से दोपहर तक संदिग्ध चोर का पता लगाया और उसे गंगाशहर थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बाइक भी सुरक्षित बरामद कर ली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार धरणीधर मैदान के आसपास नशा करने वालों का दिन-रात जमावड़ा रहता है। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। बाइक चोरी की घटना को लेकर मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों एवं आसपास के लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि इस बार रौनक की सजगता और सूझबूझ से बाइक बरामद होने के साथ संदिग्ध चोर भी पुलिस की पकड़ में आ गया।
