


बीकानेर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों एवं घरों में भगवान गणेश का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया। नाल बड़ी गांव स्थित बीकानेर के एकमात्र रिद्धि-सिद्धि सहित गठजोड़ मंगल गणेश मंदिर में देर रात तक दर्शनार्थियों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश के दर्शन-वंदन कर मंत्र जाप किया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा को गाजे-बाजे के साथ कॉलोनी में परिक्रमा करवाते हुए मंदिर परिसर में लाकर विधिवत प्रतिष्ठित किया गया। मंदिर में विशेष अभिषेक, पूजन एवं श्रृंगार के साथ आरती का आयोजन हुआ। महिलाओं ने भगवान गणपति की स्तुति में ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारे लगाए तथा भक्ति गीतों पर नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। डॉ. राहुल राय, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम राय, अलका डॉली पाठक सहित अनेक श्रद्धालुओं ने गणपति का पूजन किया। वेदपाठी ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए। मंदिर में पंडित राजेंद्र शर्मा ने अभिषेक, पूजन, श्रृंगार एवं आरती करवाई। गठजोड़ मंगल गणेश मंदिर में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रामदेवरा पैदल यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने भी मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर जयकारे लगाए। देर रात तक मंदिर परिसर गणपति के जयघोष से गूंजता रहा।
