

भारतमाला रोड पर ट्रक से 65 लाख की पंजाब निर्मित शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
बीकानेर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत बीकानेर आबकारी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने भारतमाला रोड पर सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी कर एक ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 732 कार्टन बरामद किए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 65 लाख रुपए बताई गई है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया।
पशु आहार और लकड़ी के भूसे के नीचे छिपाई थी शराब
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर भारतमाला रोड, सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी कर ट्रक संख्या च्ठ.02.म्ज्.4815 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में पशु आहार एवं लकड़ी के भूसे के कट्टों के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
तलाशी के दौरान पंजाब निर्मित रॉयल चैलेंज की 227 कार्टन, पव्वों की 380 कार्टन तथा ऑल सीजन ब्रांड की 125 कार्टन, कुल 732 कार्टन बरामद किए गए। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 65 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक जयराम विश्नोई निवासी जालौर को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा, उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण एवं जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के सुपरविजन में की गई। सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। डीईओ पाली मनोज बिस्सा एवं सिपाही मनोज द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर कार्रवाई सफल रही।
प्रदेशभर में 87 अभियोग दर्ज, 23 गिरफ्तार
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में 14 सितम्बर 2026 को प्रदेशभर में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत विभिन्न कार्रवाई में 87 अभियोग दर्ज किए गए। इस दौरान 89,596 रुपए कीमत की 340 लीटर देशी मदिरा, 72,340 रुपए कीमत की 72 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 23,327 रुपए कीमत की 116 लीटर बीयर तथा 498 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। इसके अलावा 19,220 लीटर वॉश नष्ट किया गया और 23 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी आबकारी टीमों ने दबिश, नाकाबंदी एवं सघन गश्त के माध्यम से कार्रवाई की। सवाई माधोपुर में एक हजार लीटर वॉश सहित चालू भट्टी नष्ट की गई, जबकि श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, अनूपगढ़, झालावाड़, जोधपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और बूंदी सहित अन्य जिलों में अवैध शराब एवं वॉश के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
