

बाबा रामदेवजी के दर्शनार्थियों की सेवा के लिए रामापीर सेवा समिति रवाना
बीकानेर। रामापीर सेवा समिति, त्यागी वाटिका, जेल वेल की ओर से बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सेवादारों का दल रवाना हुआ। इस अवसर पर मनीष पुरोहित ने बाबा रामदेवजी की ज्योत प्रज्वलित कर एवं बाबा की ध्वजा लहराकर सेवादारों को सेवा कार्य के लिए रवाना किया। रवानगी से पूर्व सेवादारों एवं श्रद्धालुओं ने ‘खम्मा घणी म्हारे द्वारका रे नाथ ने’, ‘ध्वजा बंध धारी ने खम्मा’, ‘घणी-घणी खम्मा म्हारे रामा पीर ने’ सहित विभिन्न भजनों का गायन किया। बाबा की भव्य ज्योत के साथ श्रद्धालुओं ने आराधना कर जयकारे लगाए। समिति की ओर से बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों के लिए भोजन सेवा की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए ठंडे जल की व्यवस्था भी रहेगी। यह सेवा कार्य 10 सितंबर तक जारी रहेगा। इस अवसर पर ऋषिराज शर्मा सहित समिति के सेवादार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
