

लायंस क्लब बीकानेर मल्टीविजन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली पद एवं दायित्व की शपथ
बीकानेर। लायंस क्लब बीकानेर मल्टीविजन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इस अवसर पर क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों को विस्तार देने के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता और यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी कार्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि अजय पुरोहित ने कहा कि “केवल शपथ लेना ही आपका काम नहीं है, बल्कि शपथ में ली गई सभी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना आपकी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके पदाधिकारियों की सक्रियता, अनुशासन और सेवा भावना पर निर्भर करती है। लायंस क्लब को समाजोत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को और व्यापक स्तर पर ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। युवाओं एवं आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
पुरोहित ने कहा कि क्लब के प्रत्येक सदस्य को लॉयनवाद के नियमों एवं सेवा भावना को समझते हुए सक्रिय रूप से कार्यक्रमों में भाग लेना होगा। सदस्यों को संगठन से जोड़ने के साथ उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्लब को सेवा के क्षेत्र में सर्वाेच्च स्थान तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस अवसर पर क्लब के संरक्षक लायन शशांक सक्सेना ने मातृशक्ति चंद्रकांता सोनी का सम्मान किया। नव निर्वाचित अध्यक्ष लायन नीरज कुमार भटनागर ने कहा कि मानव सेवा ही जीवन की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि हम सभी समाज का हिस्सा हैं और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह धारणा सही नहीं है कि लायंस क्लब से जुड़ने के लिए आर्थिक रूप से बहुत समृद्ध होना आवश्यक है। समाज के सामान्य वर्ग के लोगों को साथ लेकर भी सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है।
भटनागर ने कहा कि क्लब की ओर से आने वाले समय में स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के साथ यातायात सुरक्षा अभियान को भी प्राथमिकता दी जाएगी। स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की संयोजक एवं नव निर्वाचित सचिव लायन डॉ. सुचित्रा कश्यप ने कहा कि किसी भी संगठन को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले उसके उद्देश्य और कार्यप्रणाली को समझना आवश्यक है। पदाधिकारियों को संगठन के लिए पर्याप्त समय देना होगा तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
मुख्य वक्ता प्रमोद बहादुर सक्सेना ने लॉयनवाद के उद्देश्यों एवं सिद्धांतों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने सेवा कार्यों के मूल मंत्र तथा समाजहित में कार्य करने की भावना से पदाधिकारियों को अवगत कराया। समारोह में अध्यक्ष लायन नीरज कुमार भटनागर, सचिव लायन डॉ. सुचित्रा कश्यप, उपाध्यक्ष लायन विजय शर्मा एवं लायन अंजू जैन, कोषाध्यक्ष लायन चंद्रकांता सोनी, टेल ट्विस्टर लायन आरिफ, टेमर लायन रचना सोनी, जनसंपर्क अधिकारी लायन उमाशंकर आचार्य तथा निदेशकगण के रूप में लायन अरुण जैन, लायन प्रमोद बहादुर सक्सेना, लायन चंद्रप्रकाश सोनी एवं लायन पुष्पा शर्मा को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज वंदना एवं विश्व शांति के लिए मौन प्रार्थना के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन जवाहर जोशी ने किया। समारोह में डॉ शरद, विनोद सक्सेना, राजेंद्र परिहार व डॉ अमीषा ने गीतों की प्रस्तुति दी और क्लब के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सरोकार एवं यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
