

व्यापार नगर में अतिक्रमण व नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ नागरिक परिषद ने उठाई आवाज
बीकानेर। गंगाशहर स्थित व्यापार नगर में कथित अतिक्रमण एवं नियम विरुद्ध किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर गंगाशहर व्यापार नगर नागरिक परिषद ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। परिषद की ओर से मुख्यमंत्री, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव, उपायुक्त एवं नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भेजे गए हैं। इसके अलावा राजस्थान सरकार के संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। गंगाशहर व्यापार नगर नागरिक परिषद के प्रमुख रमेश बिश्नोई ने बताया कि क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण और बीकानेर विकास प्राधिकरण व नगर निगम के नियमों की कथित अनदेखी को लेकर कई बार सक्षम अधिकारियों से शिकायत की गई है। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी अधिकारियों से संपर्क कर निर्माण कार्यों की जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की, लेकिन परिषद के अनुसार अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। बिश्नोई ने बताया कि व्यापार नगर के रिहायशी क्षेत्र में बच्चों के लिए एक स्कूल का संचालन किया जा रहा है। उनके अनुसार स्कूल परिसर में पर्याप्त वेंटिलेशन, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा किसी अप्रिय घटना से निपटने के आवश्यक साधनों की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से इसकी भी जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि व्यापार नगर के ए, बी एवं सी ब्लॉक में बीकानेर विकास प्राधिकरण के स्वीकृत मानचित्र एवं निर्धारित नियमों के विपरीत कथित रूप से बिना पर्याप्त सेटबैक छोड़े मकानों एवं व्यावसायिक केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। कई निर्माणों में बेसमेंट एवं बालकनी का निर्माण भी नियमों की अनदेखी कर किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिषद के अनुसार, नियमानुसार नगर विकास न्यास द्वारा आवंटित भूमि पर निर्माण के दौरान आगे, पीछे एवं दोनों ओर निर्धारित सेटबैक छोड़ना आवश्यक है, लेकिन इन प्रावधानों की कथित अनदेखी से क्षेत्र में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
