

निकाय चुनाव में सामान्य वार्डों से सामान्य उम्मीदवारों की पैरवी करेगा पुष्करणा समाज
बीकानेर। राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग के पदाधिकारियों की नगर निगम, नगरपालिका एवं नगर परिषद चुनावों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बी.जी. बिस्सा ने की। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता, कर्मचारी नेता, अधिवक्ता, चिकित्सक एवं राजनीति से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में वक्ताओं ने राजनीतिक दलों से सामान्य वार्डों में सामान्य वर्ग के योग्य उम्मीदवारों को अवसर देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सामान्य वार्डों से अन्य वर्ग के उम्मीदवार थोपने का प्रयास किया गया तो पुष्करणा ब्राह्मण समाज संबंधित राजनीतिक दल का विरोध करेगा। विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने कहा कि विभिन्न समाज राजनीति में अपने-अपने वर्ग के उम्मीदवारों की पैरवी करते रहे हैं। ऐसे में ब्राह्मण समाज भी निकाय चुनावों में सामान्य वार्डों से सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के चयन के लिए राजनीतिक दलों से आग्रह करता है। इस अवसर पर गिरिराज बिस्सा, सुभाष जोशी, डॉ. विजय आचार्य, के.पी. बिस्सा, अजय व्यास, दिनेश चूरा, मदन मोहन पुरोहित एवं राकेश बिस्सा सहित अन्य ने विचार रखे। बिस्सा ने कहा कि समाजों में अपने प्रतिनिधित्व को लेकर जागरूकता बढ़ी है, इसलिए पुष्करणा ब्राह्मण समाज भी निकाय चुनावों में सामान्य वार्डों में अपने समाज के योग्य उम्मीदवारों की पैरवी करेगा।
