

बीकानेर में बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव, 23 अगस्त तक मांगी आपत्तियां
बीकानेर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बीकानेर से नोखा-नागौर आने-जाने वाली बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के तहत बसों और अन्य मध्यम-भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला, रानी बाजार रोड नंबर-5, सिनेमेजिक होते हुए जैन कॉलेज चौराहा और नोखा रोड की ओर संचालित किया जाएगा। यातायात शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम ने बताया कि रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर यातायात दबाव कम करने तथा रानी बाजार क्षेत्र में बार-बार लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार मध्यम एवं हल्के चार पहिया वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की ओर निकाला जाएगा। वहीं नोखा-नागौर जाने वाली बसों एवं अन्य मध्यम-भारी वाहनों के लिए पांच नंबर रोड, रानी बाजार होते हुए नोखा रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है। यातायात शाखा के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने से हॉस्पिटल रोड, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर यातायात का दबाव कम होगा तथा रानी बाजार और गोगागेट मार्ग पर यातायात संचालन अधिक सुचारू हो सकेगा। कानाराम ने बताया कि प्रस्ताव को लेकर आमजन से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करवा सकते हैं।
