

मोहम्मद सदीक की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित, साहित्यिक योगदान को किया याद
बीकानेर। साहित्यकार मोहम्मद सदीक की पुण्यतिथि के अवसर पर नागरी भंडार में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में साहित्यकारों, शायरों, कलाकारों, पत्रकारों, परिजनों एवं साहित्य प्रेमियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ कौसर भाटी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी ने कहा कि मोहम्मद सदीक का साहित्य मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों और सांप्रदायिक सद्भाव का सशक्त एवं जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि सदीक की रचनाएँ आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर इरशाद अज़ीज, संजय आचार्य, डॉ. हनुमान कस्वां, कमल रंगा एवं डॉ. नासिर जैदी ने सदीक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके साहित्यिक अवदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी रचनाएँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी। कार्यक्रम में कौसर मनीषा सोनी, संगीता सेठी, सलीम भाटी, अब्दुल शकूर, हलीमा भाटी सहित अनेक साहित्यकार, कलाकार एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
