

जमीन में छिपाकर रखी 600 लीटर स्प्रिट बरामद
बीकानेर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जैतपुर क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखी 600 लीटर स्प्रिट बरामद की। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन बीकानेर मनीषा लेघा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में ग्राम जैतपुर, पुलिस थाना महाजन क्षेत्र में अर्जुनसर-पल्लू मार्ग के किनारे बने कमरों के पीछे दबिश दी गई। मौके से तीन ड्रम बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक में करीब 200 लीटर स्प्रिट भरी थी।
आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 16/54 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी, आबकारी निरीक्षक सरिता भार्गव सहित खाजूवाला, बीकानेर ग्रामीण एवं लूणकरणसर के आबकारी निरोधक दल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
