Bikaner Bikaner District Rajasthan

विश्व दुग्ध दिवस मनाया

विश्व दुग्ध दिवस मनाया
बीकानेर। वेटरनरी विश्वविद्यालय के संघटक पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर एवं डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (बीछवाल), बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में विश्व दुग्ध दिवस “आइए डेयरी की शक्ति का उत्सव मनाएं” थीम पर शनिवार को आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरू आचार्य मनोज दीक्षित ने विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित की। प्रति कुलपति प्रो. हेमन्त दाधीच ने संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान दूध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। राजस्थान के दुग्ध उत्पाद राजस्थान ही नहीं अपितु विदेशों में भी निर्यात किया जा रहा है। दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट एक गंभीर समस्या है, जिसके निराकरण हेतु जागरूकता आवश्यक है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रधान वैज्ञानिक एवं पूर्व निदेशक राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर डॉ. ए.के. घुरई ने ऊंट के दूध की महत्ता पर प्रकाश डाला और बताया कि ऊंट का दूध मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य व्याधियों के उपचार में सहायक है। विशिष्ट अतिथि मैनेजर, प्लांट उरमूल डेयरी इंजी. ओम प्रकाश भांभू ने राज्य सरकार की विभिन्न दुग्ध संबंधित परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि उरमूल डेयरी राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान के साथ मिलकर ऊंट के दूध एवं गुणवत्ता युक्त दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद को आम जन के लिए उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिष्ठाता, डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. राहुल सिंह पाल ने सभी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा बताई एवं दुग्ध को संपूर्ण आहार बताते हुए रोजमर्रा के जीवन में इसकी उपयोगिता एवं आवश्यकता के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के डीन डायरेक्टर सहित शिक्षक, विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रीटा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ. सोनिया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *