

अनूठी सेवानिवृत्ति, पुत्र ने पिता के रिटायमेंट ऑर्डर पर किया साइन
नोखा। राज्य के शिक्षा विभाग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंधड़ा (पाँचू) में अपनी तरह का एक अदभुत संयोग देखने को मिला जहाँ एक बेटे ने अपने पिता के सेवानिवृत्त कार्यमुक्ति आदेश पर हस्ताक्षर किए। स्थानीय विद्यालय के शिक्षक जोगा राम जाट आज मंगलवार को अपनी 39 वर्ष 2 माह 20 दिन की गौरवशाली सरकारी सेवापूर्ण कर अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए इनके सेवानिवृत्त कार्यमुक्त आदेश पर उनके पुत्र श्याम सुंदर चौधरी ने हस्ताक्षर किए जो कि इस विद्यालय में प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत है। पिता व पुत्र दोनों इस विद्यालय में जून 2016 से एक साथ कार्यरत है पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने पिछले 8 सालों में विद्यालय की भौतिक,शैक्षिक विकास एवं विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया है।
इस दौरान इनके पुत्र श्याम सुंदर चौधरी 2022 में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से भी पुरस्कृत हुए। शिक्षक जोगाराम जाट ने अपनी सेवा अवधि के दौरान आकस्मिक अवकाश के अलावा किसी तरह के अन्य अवकाश(मेडिकल,उपार्जित) का उपभोग नहीं किया। इनके पढ़ाये हुए अनेकों विद्यार्थी राज्य एवं देश के विभिन्न विभागों में राजकीय सेवा में चयनित होकर राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। जाट अपनी उत्कृष्ट सेवाओ के लिए जिला एवं उपखंड स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं।
जाट हमेशा ही समय की पाबंदी,अनुशासन प्रिय एवं कर्तव्यनिष्ठा की मिशाल रहे है। इन्होंने सेवानिवृत्ति पर अपने सेवानिवृत्ति परिलाभ से अपनी सेवाकालीन विद्यालयों राउमावि बंधड़ा में 31000/-,राउमावि केड़ली में 11000/- एवं राप्रावि देवानाडा केड़ली में 5100/- विद्यालयों के भौतिक विकास हेतु आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की। इनके सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में संस्था प्रधान श्याम सुंदर चौधरी, ग्राम पंचायत बंधड़ा के सरपंच प्रतिनिधि श्रवण राम सियाग,समस्त शाला स्टाफ़ व ग्रामीण जन उपस्थित रहे। विद्यालय विकास में आर्थिक सहयोग प्रदान की घोषणा हेतु SMC अध्यक्ष श्रवण राम सियाग ने शिक्षक का आभार प्रकट किया।
