

‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत नोखा में घी फैक्ट्री पर कार्रवाई, 765 किलो घी सीज
बीकानेर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नोखा स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में घी निर्माता फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुए मिलावट के संदेह में बड़ी मात्रा में घी जब्त किया। अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में खाद्य अधिकारियों की टीम ने मैसर्स श्री मारुति फूड प्रोडक्ट पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान फर्म संचालक मुकेश पारीक ने बताया कि गुजरात से क्रीम मंगाकर उसे गर्म कर ‘टुडे चॉइस’ नाम से 410 से 420 रुपए प्रति लीटर की दर से घी बेचा जा रहा था, जबकि बाजार में घी का मूल्य लगभग 525 रुपए प्रति लीटर है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत घी का एक नमूना लिया गया तथा मिलावट की आशंका के चलते 765 किलोग्राम घी सीज किया गया। इसके अतिरिक्त मेसर्स युवराज फूड प्रोडक्ट, फड़ बाजार से नमकीन एवं केसर बाटी के नमूने लिए गए। वहीं NUCHEM फूड से रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा एवं अमित शर्मा भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
