

अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाना भी सच्ची देशभक्ति
बीकानेर। ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल फेडरेशन एवं हरि प्यारी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शहीद स्मारक पब्लिक पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर इसे ब्लैक डे के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने शहीद हुए वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डॉ. अर्पिता गुप्ता ने शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए एक मजबूत और सुरक्षित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए, यही सच्ची देशभक्ति है।
गुलाब सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को शत-शत नमन। वहीं डॉ. पी.के. सरीन ने पुलवामा घटना को भारत के इतिहास का एक दुखद अध्याय बताते हुए शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने की बात कही। कार्यक्रम में पुखराज मेघवाल, नीलम बाबरी, रितिका स्वामी, राम बिश्नोई, विशाल पुरोहित एवं अनूप सिंह सहित उपस्थित युवाओं ने शपथ ली कि वे शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखेंगे और नई पीढ़ी को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर ओमप्रकाश कपू, विजय कपूर, आशीष गर्ग, वीरेंद्र राजगुरु, दिनेश माथुर, स्नेहा शर्मा, शगुन सोलंकी सहित सभी उपस्थित जनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
