

राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में बीकानेर के तीन पहलवानों ने जीते कांस्य पदक
बीकानेर। तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में बीकानेर जिले के तीन प्रतिभाशाली पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आशा व्यक्त की जा रही है। राजस्थान कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष जगन पुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में बीकानेर के पहलवान हरीश, आशीष और भागीरथ ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार मुकाबले खेले और कांस्य पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी तकनीक, शक्ति और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष कमल कला और सचिव राम प्रताप सहित संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण सारस्वत, राजेन्द्र सिंह, मानसिंह, पवन पूनिया और प्रदीप स्वामी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सफलता बीकानेर जिले में कुश्ती खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। पदाधिकारियों ने पदक विजेता पहलवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बीकानेर और राजस्थान का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं और जिले में खेलों के प्रति उत्साह को बढ़ावा देती हैं।
